5 जून का सुशासन तिहार बनेगा बड़ा एक्शन डे?ग्रामीणों में चर्चा तेज — “क्या इस बार भी लापरवाह अधिकारियों पर गिरेगी गाज?”
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कुशहा की कार्रवाई के बाद कोरिया प्रशासन में बढ़ी हलचल, कई विभागों के लंबित मामलों पर उठ सकते हैं बड़े सवाल
बैकुंठपुर कोरिया जिले के बैकुंठपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बूड़ार में 5 जून 2026 को आयोजित होने वाले सुशासन तिहार को लेकर जिलेभर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सूत्रों के मुताबिक ग्रामीणों के बीच यह सवाल लगातार उठ रहा है कि क्या इस बार भी लापरवाही और भ्रष्टाचार उजागर होने पर किसी अधिकारी या कर्मचारी पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शासन की “जीरो टॉलरेंस” नीति के बावजूद कोरिया जिले में कई विभागों में भ्रष्टाचार और लापरवाही को बढ़ावा मिल रहा है। राजस्व प्रकरण, पंचायतों में कथित फर्जी प्रस्ताव, मनरेगा कार्यों में अनियमितता, पेयजल समस्या और विकास कार्यों से जुड़े कई मामले लंबे समय से लंबित पड़े हुए हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार आवेदन देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
सूत्रों के अनुसार 5 जून के सुशासन तिहार में आसपास के कई ग्राम पंचायतों के ग्रामीण सामूहिक रूप से पहुंचकर अपनी शिकायतें और आवेदन प्रशासन को सौंपने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि कई ऐसे मामले भी सामने आ सकते हैं जो लंबे समय से विभागीय फाइलों में दबे हुए हैं।
गौरतलब है कि 21 मई को कुशहा में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने खाद की कालाबाजारी के मामले में अधिकारियों को निलंबित कर सख्त संदेश दिया था। मुख्यमंत्री की उस कार्रवाई के बाद अब ग्रामीणों में यह उम्मीद बढ़ गई है कि यदि किसी विभाग में लापरवाही या भ्रष्टाचार सामने आता है तो इस बार भी बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
सूत्रों की मानें तो प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। कई विभागों में लंबित आवेदनों और शिकायतों को लेकर अंदरूनी स्तर पर समीक्षा की चर्चा सामने आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अब जनता सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि दोषियों पर कार्रवाई चाहती है।
अब पूरे जिले की नजर 5 जून को होने वाले सुशासन तिहार पर टिकी हुई है। देखने वाली बात होगी कि शासन और प्रशासन भ्रष्टाचार, लापरवाही और लंबित मामलों को लेकर कितना सख्त रुख अपनाता है और क्या यह सुशासन तिहार वास्तव में एक बड़े “एक्शन डे” में बदलता है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





