मझगवां पंचायत में अविश्वास का विस्फोट! लगभग 4.75 लाख रुपये के आहरण पर उठे सवाल, SDM को सौंपा अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
उपसरपंच सहित पंचों ने खोला मोर्चा, सरपंच की कुर्सी पर मंडराया संकट
बैकुंठपुर/कोरिया,
जनपद पंचायतबैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मझगवां में पंचायत राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है। पंचायत के उपसरपंच सहित कई पंचों ने सरपंच श्रीमती तिलसो बाई के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर को लिखित आवेदन सौंप दिया है। आवेदन में पंचायत निधियों के कथित दुरुपयोग, वित्तीय अनियमितताओं, पंचों की उपेक्षा और पंचायत कार्यों में हस्तक्षेप जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
4 लाख 75 हजार 508 रुपये के आहरण पर सवाल
पंचों द्वारा सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पंचायत में विभिन्न कार्यों के नाम पर लगभग ₹4,75,508 की राशि आहरित की गई। आवेदन के अनुसार नाली मरम्मत कार्य के नाम पर ₹28,400, बाउंड्रीवाल मरम्मत के नाम पर ₹1,94,450, बोरवेल खनन एवं स्थापना के नाम पर ₹1,18,198 तथा तीन नाली निर्माण कार्यों के नाम पर ₹1,34,460 की राशि खर्च दर्शाई गई है।
पंचों का आरोप है कि उक्त राशियों के आहरण और व्यय की जानकारी उन्हें नहीं दी गई तथा पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों को विश्वास में लिए बिना वित्तीय निर्णय लिए गए।
15वें वित्त और मूलभूत मद की राशि पर भी सवाल
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि 15वें वित्त आयोग एवं मूलभूत मद से प्राप्त राशि के उपयोग में पारदर्शिता नहीं बरती गई। पंचों का कहना है कि पंचायत बैठकों में जानकारी मांगने के बावजूद उन्हें पूर्ण वित्तीय विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया।
फर्जी प्रस्तावों के आधार पर राशि आहरण की आशंका
फर्जी प्रस्ताव के आवेदन में पंचों ने आशंका जताई है कि कुछ प्रस्तावों के आधार पर राशि आहरित की गई, जिनकी जानकारी पंचायत के निर्वाचित पंचों को नहीं दी गई। पंचों ने मांग की है कि पंचायत के प्रस्ताव पंजी, कार्यवाही पंजी, बैंक खाता, पासबुक, बिल-वाउचर और भुगतान रजिस्टर की स्वतंत्र जांच कराई जाए ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
सरपंच पति की भूमिका पर भी उठे सवाल
पंचों ने आवेदन में आरोप लगाया है कि पंचायत के कार्यों में सरपंच पति जयकरण सिंह की सक्रिय भूमिका बनी रहती है। उनका दावा है कि पंचायत के दस्तावेजों और प्रशासनिक कार्यवाहियों में हस्तक्षेप किया जाता है। इस संबंध में भी प्रशासन से जांच की मांग की गई है।
SDM कार्यालय पहुंचे पंच, कार्रवाई का मिला आश्वासन
10 जून 2026 को उपसरपंच और पंचों का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम कार्यालय बैकुंठपुर पहुंचा और अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्रस्तुत करने के बाद एसडीएम द्वारा मामले की नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
गांव में चर्चा, प्रशासन पर टिकी निगाहें
मझगवां पंचायत में उठे इस विवाद ने पूरे क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। ग्रामीणों के बीच पंचायत निधियों के उपयोग और प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा





