कोरिया के विकास के लिए मैदान में उतरे मोहित राम पैकरा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को सौंपा बड़ा मांग पत्र : बायपास रोड और सिंचाई योजना की उठी मांग
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरिया/सोनहत — जिला पंचायत कोरिया के अध्यक्ष मोहित राम पैकरा एक बार फिर क्षेत्र के विकास और किसानों की समस्याओं को लेकर सक्रिय नजर आए। सुशासन तिहार कैंप कुशहा में उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
मोहित राम पैकरा द्वारा मुख्यमंत्री को सौंपे गए मांग पत्र में पहली बड़ी मांग ग्राम जमगहना से कसरा, आमापारा, चारपारा होते हुए पोड़ी बचारा मुख्य मार्ग तक बायपास मार्ग घोषित किए जाने की रखी गई। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में लंबे समय से सड़क और यातायात की समस्या बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
यदि बायपास रोड का निर्माण होता है तो क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, भारी वाहनों का दबाव कम होगा और ग्रामीणों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। स्थानीय लोगों ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास के लिए बेहद जरूरी है और इससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
वहीं दूसरी प्रमुख मांग सोनहत विकासखंड अंतर्गत दुल्हीधार व्यपवर्तन योजना (सिंचाई योजना) की स्वीकृति को लेकर रखी गई। मांग पत्र में बताया गया कि इस योजना के स्वीकृत होने से लगभग 850 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। इससे किसानों की खेती मजबूत होगी और उन्हें आर्थिक लाभ मिलेगा।
मोहित राम पैकरा ने कहा कि क्षेत्र के किसान वर्षों से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। बारिश पर निर्भर खेती के कारण किसानों को हर साल नुकसान उठाना पड़ता है। यदि यह सिंचाई योजना शुरू होती है तो किसानों को पर्याप्त पानी मिलेगा और खेती की स्थिति पूरी तरह बदल जाएगी।
सुशासन तिहार कैंप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी क्षेत्रीय समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान कई ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। लोगों में उम्मीद है कि सरकार जल्द ही इन मांगों को स्वीकृति देकर कोरिया जिले को बड़ी सौगात दे सकती है।
ग्रामीणों और किसानों ने जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित राम पैकरा की पहल की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार क्षेत्र की आवाज शासन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। लोगों का मानना है कि यदि बायपास रोड और सिंचाई योजना को मंजूरी मिलती है तो कोरिया जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा





