RTI से खुलेंगी पंचायतों की पोल : सूचना छिपाने वाले अधिकारियों पर CEO का बड़ा एक्शन!
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
15वें वित्त आयोग के कार्यों का हिसाब मांगने पर मचा हड़कंप, 12 मई को दस्तावेजों सहित तलब हुए जनसूचना अधिकारी
📍 लैलूंगा/रायगढ़
शासन की पारदर्शिता पर पर्दा डालने वाले पंचायत अधिकारियों पर अब कार्रवाई की गाज गिरती नजर आ रही है। जनपद पंचायत लैलूंगा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी ने सूचना के अधिकार (RTI) के तहत जानकारी नहीं देने वाले जनसूचना अधिकारियों को कड़ा नोटिस जारी कर दिया है।
मामला ग्राम पंचायत केशला, कोडासिया और चोरंगा से जुड़ा हुआ है, जहां 15वें वित्त आयोग के तहत वर्ष 01 अप्रैल 2021 से अब तक हुए विकास कार्यों का पूरा रिकॉर्ड मांगा गया था। आवेदनकर्ता ने कार्यों की माप पुस्तिका (Measurement Book), जियो-टैग तस्वीरें और मजदूरी भुगतान से जुड़े मास्टर रोल की प्रमाणित प्रतियां मांगी थीं, ताकि पंचायत में हुए कार्यों की वास्तविकता सामने आ सके।
लेकिन RTI कानून के तहत 30 दिनों में जानकारी देने का नियम होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने न तो जानकारी उपलब्ध कराई और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया। RTI कानून के तहत सामान्य मामलों में 30 दिनों के भीतर सूचना देना अनिवार्य माना गया है।
सूचना नहीं मिलने के बाद अपीलकर्ता ने प्रथम अपील दायर की, जिस पर सुनवाई करते हुए जनपद पंचायत लैलूंगा ने RTI प्रकरण क्रमांक 49 में सख्त रुख अपनाया। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि संबंधित जनसूचना अधिकारी 12 मई 2026 को सुबह 11 बजे समस्त दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हों।
इस कार्रवाई के बाद पंचायत विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। खासकर मास्टर रोल और जियो-टैग तस्वीरों की मांग ने कई अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इन्हीं दस्तावेजों से यह पता चलता है कि विकास कार्य जमीन पर हुए भी हैं या सिर्फ कागजों में सीमित रहे।
क्षेत्र में चर्चा है कि यदि दस्तावेजों में गड़बड़ी सामने आती है तो कई अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है। वहीं यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या अब सच में पंचायतों में हुए कथित भ्रष्टाचार का खुलासा होगा या मामला सिर्फ कागजी खानापूर्ति बनकर रह जाएगा।
बताया जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण की प्रतिलिपि राज्य सूचना आयोग और जिला पंचायत रायगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी भेज दी गई है, जिससे आने वाले दिनों में मामला और गर्मा सकता है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा





