कापू में अवैध बोर खनन का बड़ा खुलासा! मौके पर नहीं मिला परमिशन, प्रशासन सख्त
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ अनुविभाग अंतर्गत कापू तहसील क्षेत्र के ग्राम कमोशीनडाड में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब बिना स्पष्ट अनुमति के बोर खनन किए जाने की सूचना पर कापू तहसीलदार उन्मेष पटेल अचानक मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक शाम करीब 4 बजे क्षेत्र में एक मशीन के जरिए बोर खनन कार्य किया जा रहा था। सूचना मिलते ही तहसीलदार मौके पर पहुंचे और संबंधित लोगों से अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे। लेकिन मौके पर मौजूद किसी भी व्यक्ति के पास वैध परमिशन दस्तावेज उपलब्ध नहीं था, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए।
जमीन मालिक को ही नहीं थी अनुमति की जानकारी
जांच के दौरान जब तहसीलदार ने संबंधित जमीन मालिक से बोर खनन की अनुमति के बारे में पूछा, तो उन्होंने ही अनुमति संबंधी जानकारी नहीं होने की बात कही। इसके बाद मशीन संचालक और एजेंट से पूछताछ की गई। पूछताछ में बताया गया कि अनुमति से जुड़े दस्तावेज कार्यालय में रखे गए हैं, लेकिन मौके पर कोई भी अधिकृत कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
नियमों पर उठे बड़े सवाल
अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब मौके पर अनुमति पत्र मौजूद नहीं था, तब आखिर किस आधार पर बोर खनन का कार्य किया जा रहा था। नियमों के अनुसार किसी भी बोर खनन कार्य के दौरान संबंधित अनुमति दस्तावेज स्थल पर उपलब्ध होना अनिवार्य माना जाता है। इसके बावजूद मशीन का संचालन प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
PHE विभाग ने भी जताई अनभिज्ञता
मामले में जब लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) से जानकारी ली गई, तो विभागीय अधिकारियों ने भी इस बोर खनन की जानकारी होने से इनकार कर दिया। विभाग की अनभिज्ञता के बाद अब यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर बिना स्पष्ट अनुमति और विभागीय जानकारी के यह कार्य किसके संरक्षण में संचालित किया जा रहा था।
प्रशासनिक जांच तेज, हो सकती है कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक तहसील प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। यदि बोर खनन बिना वैध अनुमति के पाया जाता है, तो संबंधित मशीन संचालक, एजेंट और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





